मुगलों के अधीन हरियाणा

(Haryana During Mughal Period)

मुगलवंश का संस्थापक जहीरुद्दीन मुहम्मद बाबर था। बाबर तुर्की भाषा का शब्द है। जिसका अर्थ है - बब्बर शेर। वह पिता की ओर से तैमूर का पांचवां वंशज तथा माता की ओर से चंगेजखां का 14वां वंशज था। इस प्रकार, जैसा कि लेनपूल ने कहा है, उसकी रगों में मध्य एशिया के दो क्रूर वीरों का रक्त बहता था।

बाबर को भारत पर आक्रमण करने के लिए निमंत्रण

बाबर स्वयं अपनी आत्मकथा 'तुजुके बाबरी' में लिखता है कि उसे इब्राहिम लोदी पर आक्रमण करने के लिए पंजाब के शासक दौलत खां एवं सुल्तान इब्राहिम लोदी के चाचा आलम खां ने अलग-अलग निमंत्रण दिया था। दौलत खां चाहता था कि बाबर यहां लूटकर वापस चला जाए व आलम खां दिल्ली को हथियाना चाहता था व राणा सांगा आगरा को अपनाना चाहता था। कुछ इतिहासकारों का विचार है कि संभवतः इन्हीं दिनों मेवाड़ के राणा सांगा एवं बाबर में भी कुछ राजनीतिक सांठ-गांठ हुई थी। इस प्रकार एक निमंत्रण पत्र प्राप्त हुआ। इन निमंत्रणों से प्रेरित होकर बाबर ने भारत को जीतना चाहा।

बाबर ने अपनी पुस्तक बाबर नामा में लिखा है कि मुझे भारत में निमंत्रण महाराणा सांगा ने दिया, कहा कि आप दिल्ली ले लेना और मुझे आगरा दे देना।

पानीपत का प्रथम युद्ध

(21 अप्रैल 1526)

बाबर के आक्रमण के समय इब्राहिम लोदी दिल्ली का सुल्तान था। लेकिन उसके घमण्डी स्वभाव के कारण बहुत से अफगान सरदार, जो कि भारत में उसकी ताकत का मुख्य आधार थे, उसे छोड़कर चले गए। इसके परिणामस्वरूप पंजाब के गवर्नर दौलत खां और सिकंदर लोदी के भाई आलम खां ने बाबर को भारत पर आक्रमण करने के लिए निमंत्रण भेजा।

दौलत खां जो कि पंजाब का गवर्नर था दिल्ली और आगरा पर अधिकार करना चाहता था। इसलिए उसने बहुत से अफगान अमीरों को अपनी ओर मिला लिया था। जिनमें गाजी खां, इस्माइल जिलवानी, सुल्तान शेरवानी तथा आलम खां प्रमुख हैं। बाबरनामा के अनुसार इनमें से एक आलम खां स्वयं काबुल जाकर बाबर से मिला और उसे भारत पर आक्रमण करने का निमंत्रण दिया।

बाबर ने स्थिति का जायजा लेने के लिए अपने कुछ अमीरों को उसके साथ भेजा जिन्होंने सियालकोट, लाहौर और उसके आसपास के इलाकों पर कब्जा लिया और वापस जाकर बाबर को स्थिति का विवरण दिया। इस प्रकार बाबर का भारत अभियान 16 दिसंबर 1525 ई. को शुरू हुआ। 1525 में बाबर द्वारा हरियाणा में प्रवेश करने पर सबसे पहले हमीद खां ने रोकने का प्रयास किया। इस सबके पीछे आलम खां का विचार था कि क्योंकि उसने मुगलों को भारत आने का निमंत्रण दिया था, इसलिए मुगल दिल्ली पर अधिकार कर लेंगे। लेकिन मुगलों को उसकी यह बात मंजूर नहीं थी। इसलिए आलम खां ने मुगलों का साथ छोड़ दिया और अपने 40 हजार घुड़सवारों के साथ दिल्ली की तरफ बढ़ा और दिल्ली को घेर लिया।

सुल्तान इब्राहिम लोदी को जब पता चला तो वह 80 हजार सैनिकों के साथ दिल्ली की तरफ बढ़ा। आरंभिक कुछ नुकसान के बाद वह आलम खां को हराने में सफल हुआ। आलम खां पानीपत और इन्द्री होता हुआ निकला और रास्ते में बहुत से अफगान सरदारों ने उसका साथ छोड़ दिया। आलम खां जब सरहिंद के पास था जो उसे बाबर के भारत पर आक्रमण का समाचार मिला। उसके साथी मीर खलीफा ने उसे सलाह दी कि वह वापस बाबर की शरण में चला जाए। उसने सलाह मान ली और बाबर ने वापस आने पर उसका स्वागत किया। बाद में दौलत खां और उसका बेटा दिलावर खां भी बाबर से आ मिले।

बाबर ने अपने भारत अभियान पर सियालकोट, लाहौर, कलानौर, दून, दानूर, समाना, और सुनाम होते हुए आगे बढ़ा। बाबर जब सुनाम के स्थान पर था तो उसे पता चला कि इब्राहिम लोदी एक विशाल सेना के साथ पानीपत की तरफ बढ़ रहा है। इसके अतिरिक्त इब्राहिम की सहायता के लिए हरियाणा से दो सेनाएं और आ रही हैं। एक सेना मेवात के शासक हसन खां मेवाती की थी जो दिल्ली की सेना के साथ मिलकर आगे बढ़ रही थी। और दूसरी हिसार के फौजदार हमीद खां सारंगवानी की थी। हमीद की सेना बड़ी ही भयंकर आफत मानी जाती थी। उसके अधिकांशतः हरियाणवी सैनिक थे।

बाबर ने इब्राहिम लोदी और हमीद खां, इन दोनों सेनाओं को एक साथ लड़ना उचित नहीं समझा। इसलिए उसने हमीद खां को रोकने के लिए राजकुमार हुमायूं के नेतृत्व में एक विशेष सेना भेजी। हुमायूं की सेना के अग्रिम दस्ते की हमीद खां की सेना के साथ पहली टक्कर 26 फरवरी 1526 के दिन हुई। हमीद की सेना ने बड़ी आसानी से उसे हरा दिया। लेकिन कुछ क्षण पश्चात हुमायूं की सेना का खास दस्ता वहां पहुंच गया। दोनों में जमकर युद्ध हुआ लेकिन हुमायूं की जीत हुई। हमीद खां की सेना मुगलों ने हिसार पर आसानी से कब्जा कर लिया।

बाबर नामा के अनुसार हुमायूं का यह प्रथम युद्ध और विजय का प्रथम अनुभव था और शानदार शकुन था। बाबर हुमायूं से बहुत प्रसन्न हुआ और उसे हिसार की जागीर प्रदान की। हुमायूं 200 घुड़सवारों के साथ अम्बाला के स्थान पर वापस बाबर से आ मिला। वहां से बाबर की सेना ने आगे कूच किया। दूसरे दिन वह शाहाबाद पहुंचा। वहां पर उसने विश्राम किया। यहां से उसने एक अमीर को इब्राहिम की गतिविधियों के विषय में जानकारी प्राप्त करने के लिए भेजा। इसके बाद बाबर यमुना नदी के तट के साथ-साथ आगे बढ़ता हुआ करनाल पहुंचा। इसके बाद बाबर ने घग्गर पारकर कुछ समय के लिए विश्राम किया और अंत में 12 अप्रैल 1526 को पानीपत के मैदान में पहुंच कर मोर्चा संभाल लिया।

पानीपत पहुंचकर बाबर ने अपनी सेना को इस प्रकार संगठित किया कि उसके पड़ाव के दाहिनी ओर तो पानीपत का नगर था और बाईं ओर सुरक्षित करने के लिए उसने खाइयां खुदवा कर उनके ऊपर वृक्ष कटवा कर डाल दिए। मध्य में उसने 700 छकड़े खड़े करके उनके ऊपर आपस में गीले चमड़े की रस्सियों से बंधवा दिया। इन छकड़ों की जरूरत पड़ने पर आगे पीछे भी किया जा सकता था। छकड़ों की इस रुकावट के पीछे छः-सात मार्चे खुदवाकर उसने तोपें रखवा दी ताकि इनके पीछे तोपची खड़े होकर आसानी से गोले दाग सकें।

इस तरह बाबर ने युद्ध के लिए काफी हद तक तैयारियां कर ली थीं। उपरोक्त मोर्चाबंदी के पीछे तोपों को लगाया गया था जिसका दायां पक्ष उस्ताद अली तथा बायां पक्ष मुस्तफा खां नामक तोपचियों के पास था। इस तोपखाने के पीछे उसकी अग्रिम पंक्ति थी, जिसके कमान खुर्शीद कोकुलताश तथा मुहम्मद अली जंग बहादुर के हाथों में थी। सबसे पीछे सेना का केंद्रीय भाग था जिसका नेतृत्व स्वयं बाबर कर रहा था। बाबर ने इस भाग को भी तुलुगमा पद्धति के तहत दो भागों में विभाजित किया हुआ था।

इब्राहिम लोदी की सेना की संख्या लगभग एक लाख थी। लेकिन उसके अधिकांश ऐसे सैनिक थे जिनमें अनुशासन, योग्यता और वीरता का सर्वथा अभाव था। इन सबसे बढ़कर एक बात और भी शोचनीय थी कि इब्राहिम में स्वयं भी सैनिक योग्यता का अभाव था। बाबर की एक वैज्ञानिक व कुशल युद्ध पद्धति के सामने वह एक पुरानी पद्धति से बाबर से लड़ने को तैयार था।

दोनों सेनाएं आठ दिन तक एक दूसरे के सामने खड़ी रही। किंतु किसी ने भी एक दूसरे पर हमला करने की हिम्मत नहीं की। 21 अप्रैल को बाबर ने अधीर होकर अपनी सेना को इब्राहिम की सेना पर आक्रमण करने का आदेश दिया। शीघ्र ही बड़ा भयानक युद्ध छिड़ गया। लेकिन बाबर के चतुर दांवपेच और तोपखाने की मार के आगे इब्राहिम की सेना टिक न सकी। दो तीन घंटों तक युद्ध होता रहा। अनुमान है कि इब्राहिम के साथ उसके 1500 सैनिक इस लड़ाई में मारे गए। बाबर ने स्वयं लिखा है – "सर्व शक्तिमान ईश्वर की दया और कृपा से एक कठिन काम मेरे लिए आसान हो गया और आधे दिन में ही दिल्ली की विशाल सेना धूल में मिल गई।" इस तरह बाबर ने एक शानदार विजय प्राप्त की तथा मुगल अफगान संघर्ष का प्रथम चरण समाप्त हो गया।

'तारीख-ए-सलातीन-ए-अफगाना' के अनुसार बाबर सात दिन तक पानीपत नगर में ठहरा। उसके हाथ इब्राहिम लोदी का खजाना, 1500 हाथी, 27000 घोड़े तथा लड़ाई में काम आने वाला अन्य सामान लगा, जिस पर उसने अपने अधिकारियों को मूल्य दिया। उस समय की प्रथा अनुसार उसने अपने सम्मानित व्यक्तियों को बुलवाया तथा प्रत्येक को इनाम-इकराम से सम्मानित किया। सुल्तान मुहम्मद जुलाली को, जिसने इस युद्ध में बाबर की सहायता की थी, 10,000 अशर्फियां सहित पानीपत का हाकिम नियुक्त कर दिया तथा एक फलसल की आय उसे निश्चित कर दिया।

बाबर ने मानवता का नमूना पेश करते हुए इब्राहिम लोदी के शव को कब्र में दफनवाया तथा उसकी याद में एक कब्र (मकबरा) का निर्माण भी करवाया। इब्राहिम लोदी उत्तर भारत में मध्यकाल का राजा था, जिसकी मृत्यु युद्ध मैदान में हुई। उसने अपने मकबरे भी उसकी याद में बनवाया। इसके अतिरिक्त बाबर ने इसी स्थान पर एक बगीचा, एक मस्जिद और एक तालाब का निर्माण भी करवाया। यह बाग काबुलीबाग के नाम से जाना जाता है।

विशेष – काबुली बाग मस्जिद सबसे प्राचीन मुगलकालीन इमारत मानी जाती है। काबुली बाग मस्जिद का निर्माण बाबर ने हिंदुस्तान के सिंहासन पर विजय की स्मृति में करवाया था। डेविस रॉस ने इसके बारे में कहा था कि यह ताज के बाद दूसरी सबसे सुंदर कृति है।

पानीपत की प्रथम लड़ाई में पहली बार तोपखाने (बारूद तथा बंदूकों) का प्रयोग किया गया था। पानीपत की पहली लड़ाई में बाबर ने तुलुगमा पद्धति का प्रयोग किया। पानीपत की पहली लड़ाई के बाद ही बाबर ने कालंदर की उपाधि धारण की।

पानीपत की पहली लड़ाई में बाबर की तरफ से मारे जाने वाले एकमात्र योद्धा का नाम सैयद खां था।

नोट – पानीपत की पहली लड़ाई भारत में मुगल साम्राज्य की शुरुआत के रूप में चिह्नित है। पानीपत के प्रथम युद्ध में हाथी हाथी द्वारा खींची गई तोपें, गजनल तथा ऊंटों द्वारा खींची गई तोपें शुतरनल कहलाती।

बाबर पानीपत से प्रस्थान करके सोनीपत पहुंचा। अहमद चंदार के अनुसार यहां पहुंचने पर यहां के प्रतिष्ठित देशवासियों, सिपाहियों एवं सरदारों को विश्वास में लेकर बाबर ने पास आए और बाबर की अधीनता स्वीकार कर ली। बाबर ने उनको उचित रूप से सम्मानित किया। सोनीपत से बाबर ने दिल्ली की तरफ प्रस्थान किया और उसका दिल्ली पर बड़ी आसानी से कब्जा हो गया।

हरियाणा में बाबर के विरुद्ध विद्रोह

हिसार का विद्रोह – हरियाणा में मुगल राज्य की स्थापना का हरियाणा की सेना ने विरोध किया तथा कई स्थानों पर विद्रोह का झंडा खड़ा कर दिया। सबसे पहले हिसार फिरोजा के पास हमीद खां सारंगवानी के नेतृत्व में तीन हजार अफगानों ने विद्रोह कर दिया। इस विद्रोह को दबाने के लिए 21 नवंबर 1526 को बाबर ने मेहमद खां व अल्फ खां के नेतृत्व में एक सेना भेजी। दोनों में हिसार के नजदीक युद्ध हुआ। इसमें अफगानों की हार हुई। बहुत से अफगानों को मौत के घाट उतार दिया गया तथा बाकी जान बचाकर भाग गए।

मेवात का विद्रोह – 17 मार्च 1527 को मेवात के सरदार हसन खां मेवाती ने अपने पुत्र नाहर खां को एक सेना पानीपत के मैदान में इब्राहिम लोदी की सहायता के लिए भेजी थी। लड़ाई के बाद नाहर खां मुगलों के हाथों में पड़ गया और उसे बंदी बना लिया गया। बाबर के कुछ मित्रों ने उसे सलाह दी कि नाहर खां को बिना शर्त रिहा कर दिया जाए ताकि हसन खां मुगलों के पक्ष में आ जाए। बाबर ने ऐसा ही किया लेकिन हसन खां पर इसका कोई असर नहीं हुआ। उल्टा उसने खानवा के युद्ध में राणा सांगा का साथ दिया और लड़ते-लड़ते वीरगति को प्राप्त हुआ। लड़ाई के बाद हसन खां के पुत्र नाहर खां ने बाबर से सुलह कर ली और बाबर उसे कुछ परगनों की जागीर प्रदान की। तावक फरमाने का शासक जलाल खां था।

नोट – खानवा के युद्ध के समय बली-ए-मेवात थे – हसन खां मेवाती। हसन खां मेवाती वीरता खानजादा जाति के अंतिम शासक थे।

कैथल का विद्रोह – अहमद खांजादा की 'तारीख-ए-अफगाना' के अनुसार 1530 ई. में कैथल में मोहन सिंह मंडार नामक राजपूत ने मुगलों के खिलाफ विद्रोह का झंडा खड़ा कर दिया। जब बाबर लाहौर से वापस लौट रहा था तो बाबर को सरहिंद के स्थान पर शिकायत मिली कि मोहन सिंह मंडार ने समाना के काजी की जागीर पर हमला कर दिया और काजी के पुत्र को मौत के घाट उतार दिया।

बाबर ने सरहिंद के गवर्नर अलीकुली हमदान को तीन हजार घुड़सवारों के साथ मोहन सिंह मंडार के गांव पर हमला करने के लिए भेजा। लेकिन सर्दी की अधिकता के कारण तीरंदाज अपने तीर नहीं चला सके और मुगलों के लिए लड़ना कठिन हो गया। यद्यपि मुगल वीरता से लड़े लेकिन वे मोहन सिंह मंडार के नेतृत्व में बहादुर गांववालों के सामने टिक न सके और उनकी हार हुई।

  • तोपखाने का दायां पक्ष – उस्ताद अली।
  • बायां पक्ष – मुस्तफा खां।
  • अग्रिम मोर्चे की कमान – खुर्शीद कोकुलताश तथा मुहम्मद अली जंग बहादुर।
  • युद्ध में मारे जाने वाले एकमात्र योद्धा का नाम – संघार।
  • हिसार के विद्रोह को दबाने के लिए बाबर ने 21 नवंबर 1526 को तैमूर सुल्तान व अबुल फतेह के नेतृत्व में सेना भेजी थी।
  • मेवात के विद्रोह के समय हसन खां मेवाती ने अपने पुत्र नाहर खां को इब्राहिम लोदी की सहायता के लिए भेजा था।
  • कैथल के विद्रोह में मोहन सिंह मंडार का उल्लेख है।

जब यह समाचार बाबर को मिला तो उसने मंडारों का दमन करने के लिए 6,000 घुड़सवारों की एक सेना (जिसमें बहुत से हाथी भी थे), तरसेम बहादुर और नौरंग बेग के नेतृत्व में भेजी। यहां पहुंचकर मुगलों ने बड़ी चालाकी से काम लिया। उन्होंने अपने सेना को तीन भागों में बांट दिया तथा पश्चिमी भाग को गांव पर हमला करने को कहा।

गांव वाले मुगलों से लड़ने के लिए आगे आए तो मुगलों की सेना ने पीछे भागना शुरू कर दिया। मंडारों ने दो मील तक उनका पीछा किया। इस प्रकार मुगलों की चाल सफल रही। पीछे से तरसेम बहादुर ने गांव पर हमला करके उसमें आग लगा दी। मंडारों को मौत के घाट उतार दिया गया। लगभग 1,000 आदमी, औरतों और बच्चों को बंदी बना लिया गया। मरने वालों की संख्या इतनी थी कि उनके सिरों से एक स्तंभ (मीनार) का निर्माण किया गया। विद्रोहियों के नेता मोहन सिंह मंडार को कमर तक जमीन में गाड़ दिया गया तथा फिर उस पर तीरों से हमला करके मार दिया गया।

प्रशासन व्यवस्था

हरियाणा के नव विजित प्रदेश के प्रशासन को ठीक प्रकार से चलाने के लिए बाबर ने इसे चार सरकारों में बांट दिया।

  1. दिल्ली सरकार
  2. मेवात सरकार
  3. हिसार सरकार
  4. सरहिंद सरकार।

दिल्ली सरकार को बाबर स्वयं संभालता था। हिसार सरकार को हुमायूं, सरहिंद सरकार को मिर्जा कामरान तथा मेवात सरकार को मिर्जा हिंदाल संभालता था। इसके अतिरिक्त उसने दो विश्वासपात्र सरदारों अहसान तैमूर और बुखारा सुल्तान को क्रमशः नारनौल और समानाबाद की जागीरें प्रदान की।

हुमायूं का शासनकाल

26 दिसंबर 1530 ई. को बाबर की मृत्यु हो गई। बाबर की मृत्यु के बाद उसका पुत्र हुमायूं गद्दी पर बैठा। हुमायूं के समय में एक शक्तिशाली सेनापति मिर्जा हिंदाल को दे दी और हिसार तथा सरहिंद की सरकारें मिर्जा कामरान के हवाले कर दी। कामरान के पास पंजाब, काबुल और कंधार की सरकारें भी थीं। इतना महत्वपूर्ण क्षेत्र कामरान को देना हुमायूं की बड़ी भारी भूल थी।

जब हुमायूं अफगानों के साथ युद्ध में व्यस्त था तो पीछे से हिंदाल ने विद्रोह कर दिया। कामरान ने भी ऐसा ही किया। लेकिन हुमायूं ने उसे हराकर सजा देने की बजाय उसे माफ कर दिया। शेरशाह ने हुमायूं को 1539 में चौसा तथा 1540 में बिलग्राम की लड़ाई में हराकर हरियाणा समेत मुगल राज्य पर कब्जा कर लिया और हुमायूं को भाग कर जाना पड़ा।

हुमायूं ने भारत समय रास्ते में फतेहाबाद में रुककर एक मस्जिद में नमाज अदा की थी। इस मस्जिद को हुमायूं की मस्जिद कहा जाता है।

नोट – हुमायूं का अर्थ होता है – भाग्यशाली। परंतु बाबर पुत्र हुमायूं के साथ शायद इसने दूसरे रूप में कार्य किया। लेनपूल के अनुसार – हुमायूं जीवन भर लड़खड़ाता रहा और लड़खड़ाने से ही उसकी मृत्यु हुई। हुमायूं की मृत्यु 26 जनवरी 1550 को हुई।

शेरशाह के अधीन हरियाणा

इतिहासकार विंसेंट स्मिथ के अनुसार शेरशाह सूरी का संबंध हरियाणा से था। विंसेंट स्मिथ के अनुसार शेरशाह सूरी का जन्म (1486 ई. में) नारनौल (महेंद्रगढ़) में हुआ था। उसका दादा इब्राहिम सूरी जो अफगानिस्तान में रोह नामक स्थान का रहने वाला था, सुल्तान बहलोल लोदी के शासन काल में भारत आया। सबसे पहले उसने हिसार के जमींदार जमाल खां के यहां नौकरी की। जमाल खां ने उसे 40 सिपाहियों का सरदार बना कर नारनौल परगने के कुछ गांव जागीर के लिए दे दिए।

नोट – कुछ विद्वानों ने शेरशाह का जन्म हिसार में माना है।

इब्राहिम सूरी ने अपने पुत्र हसन खां की सहायता से इस छोटी जागीर पर खूब उन्नति करके थोड़े ही दिनों में अपनी स्थिति को काफी मजबूत कर लिया। हसन खां ने सुल्तान बहलोल लोदी के दरबारी उमर खां के यहां नौकरी कर ली। उमर खां ने हसन खां को शाहबाद का परगना जागीर के रूप में दे दिया। इब्राहिम सूरी की मृत्यु के बाद हसन खां को नारनौल की जागीर भी मिल गई। यहीं पर 1486 में शेरशाह का जन्म हुआ। उसका बचपन का नाम फरीद था। शेरशाह ने बाद में दिल्ली का शासक बनने के बाद अपने दादा इब्राहिम खान (इब्राहिम सूरी) का मकबरा (अफगान या पठान शैली में) नारनौल में बनवाया।

शेरशाह सूरी ने 1542 में पेशावर (पाकिस्तान) से चटगांव (बांग्लादेश) तक एक सड़क बनवाई गई। जिसे शेरशाह सूरी मार्ग / बादशाही सड़क / सड़क-ए-आजम कहा जाता था। जिसे ब्रिटिश काल में एक अंग्रेज अधिकारी ऑकलैंड ने दिल्ली से कलकत्ता तक इसका पुनर्निर्माण करवाया तथा इसे जी.टी.रोड (ग्रांड ट्रंक रोड) नाम दिया। सर्वप्रथम इसका वर्णन चाणक्य के अर्थशास्त्र में मिलता है।

नोट – शेरशाह सूरी ने इस मार्ग पर यात्रियों के विश्राम के लिए कोस मीनारों का निर्माण करवाया। हरियाणा में कोस मीनारों की संख्या 88 बताई जाती है। इन कोस मीनारों में सबसे प्रसिद्ध कोस मीनार कोहंड (करनाल) में स्थित है। वास्तव में जीटी रोड सर्वप्रथम चंद्रगुप्त मौर्य द्वारा बनवाया गया था।

शेरशाह सूरी का प्रशासन

शेरशाह ने हरियाणा के प्रशासन प्रबंध में विशेष रुचि ली क्योंकि यहां उसकी जन्मभूमि थी। उसने सारे प्रबंध को चार सरकारों, दिल्ली, मेवात, हिसार और सरहिंद में विभाजित कर दिया। प्रत्येक सरकार का शासन प्रबंध मुख्यतः दो अधिकारियों के हाथ में था – मुख्य शिकदार या शिकदार-ए-शिकदारान और मुख्य मुंसिफ या मुंसिफ-ए-मुंसिफान कहा जाता था। मुख्य शिकदार मुख्यतः सैनिक अधिकारी होता था। उसके पास एक सैनिक टुकड़ी रहती थी। उसका मुख्य काम सरकार में शांति व्यवस्था कायम रखना था। उसका काम फौजदारी मुकदमों का फैसला करना भी था। दूसरा, मुख्य मुंसिफ सामान्य रूप से न्यायाधीश होता था जिसका कार्य दीवानी मुकदमों का निर्णय करना होता था।

शेरशाह ने प्रत्येक सरकार को आगे परगनों में बांटा। प्रत्येक परगने की व्यवस्था के लिए शिकदार नियुक्त किया। यह एक सैन्य अधिकारी होता था जो परगने में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तरदायी था। इसके अतिरिक्त इसका अन्य कार्य बादशाह के फरमानों को लागू करना था। परगने का दूसरा अधिकारी मुंसिफ था। यह परगने के वित्त तथा लगान संबंधी कार्यों को देखता था और दीवानी मुकदमों का फैसला भी करता था। इसकी सहायता के लिए कानूनगो तथा खजांची नामक अधिकारी भी होते थे।

शासन की सबसे छोटी इकाई ग्राम होती थी, जिसका प्रबंध पंचायत मुकदम व पटवारी द्वारा किया जाता था। पंचायत जिसमें गांव के प्रभावशाली व्यक्ति होते थे। लोगों के आपसी झगड़ों का फैसला करती थी।

मुकदम गांव का मुखिया होता था। वह लगान (भू-उपज का 1/3) इकट्ठा करता था तथा चौकीदार की सहायता से कानून और व्यवस्था कायम रखता था। पटवारी गांव का भूमि संबंधी रिकॉर्ड भी रखता था।

17 मई, 1545 को दुर्गमर्ग से एक बारूदी सुरंग फटने से शेरशाह की मृत्यु हो गई। उसके उत्तराधिकारी जलाल खां, इस्लाम शाह तथा आदिल शाह (1553–55 ई.) अयोग्य सिद्ध हुए। चारों तरफ अराजकता तथा अव्यवस्था फैल गई। इस अराजकता का हुमायूं ने खूब फायदा उठाया और फरवरी 1555 ई. में उसने दिल्ली पर एक बार फिर अधिकार कर लिया। इस प्रकार हरियाणा एक बार फिर मुगलों के अधीन आ गया। परंतु भाग्य ने हुमायूं का साथ नहीं दिया और वह पुनः राज्य प्राप्त करने के थोड़े दिन बाद ही 26 जनवरी, 1556 ई. को अपने पुस्तकालय शेरमंडल की सीढ़ियों से गिरकर मर गया।

विशेष – एक बार शेर खां (शेरशाह सूरी) की मुलाकात बाबर से हुई थी। बाबर ने उसे देखते ही अपने मंत्रियों से कहा था कि, "शेर खां पर कड़ी निगरानी रखो। वह एक चालाक आदमी है और उसके मस्तिष्क पर सम्राट बनने के चिन्ह दिखाई देते हैं। मैंने बड़े-बड़े अफगानों को देखा है लेकिन किसी ने मुझ पर इतना प्रभाव नहीं डाला जितना शेर खां ने।"

अकबर

हुमायूं की मृत्यु के बाद अकबर शासक बना। हुमायूं के वफादार दोस्त एवं अकबर के संरक्षक बैरम खां ने 14 फरवरी 1556 को कलानौर (पंजाब) में ईंटों का एक चबूतरा बनाकर अकबर का राज्याभिषेक कर दिया। इस समय अकबर की आयु केवल 13 वर्ष की थी और वह चारों तरफ से शत्रुओं से घिरा हुआ था। उसके शत्रुओं में सबसे खतरनाक हेमचंद्र हेमू था।

अकबर के अधीन सरकारें तथा परगने

क्र.सं. सूबा सरकार परगने
1. दिल्ली दिल्ली (दिल्ली) सलामाबाद पाकर, अदहद, पानीपत, पलवल, झाड़सा, झज्जर, दादरी, रोहतक, सफीदों, कुताना, छछरौली, सोनीपत, टोडा, भवान, जिनाना, कैडला, गंगोरखेडा, करनाल, गन्नौर।
रेवाड़ी (रेवाड़ी) बावल, पटौदी, भोंडा, तावडू, रेवाड़ी (2), रिभाई, कोटकला, शिम, सोहना, अहरोनी, मंगोवाल, अयोहा, अड़खेड़ा।
हिसार (हिसार) यूनियान, महरी, बरवाला, भट्टू, बिरखा, भटनेर, दुहाना, तोशाम, जींद, जमालपुर, हिसार, धरतरत, सिरसा, स्योराणा, सिंदमुख, भिवानी, शाहजहाँ फतेहाबाद, गोहाना, खाण्डा, मेहम, हांसी।
सरहिंद (सरहिंद) अम्बाला, बिनौर, पल, भांडार, पुंडरी, थानेसर, चहर, चरख, खिजराबाद, दोराला, दोला, देव-राणा, सढौरा, सुल्तानपुर, बढ़ा, शाहाबाद, फतेहपुर, कैथल।
2. आगरा तिजारा (तिजारा) या मेवात इंदौर, फिरोजपुर-झिरका, कोटला, उज्जीना, उमरी, उमरा, पिंघनवा, बीसरा, बिहोर, झमरावट, खानपुर, साकसरस, सांड़वाड़ी, गैसर, नगौना।
नारनौल (नारनौल) कानोंड (महेंद्रगढ़) नारनौल। सुहर (पहाड़ी) होडल, नूंह।

हेमचंद्र विक्रमादित्य (हेमू)

मध्यकालीन इतिहास में हेमू का नाम बड़े आदर से लिया जाता है। हेमू का जन्म 1501 ई. राजस्थान के अलवर जिले के माचरी/मातरी गांव में हुआ था। कुछ समय पश्चात (1516 ई.) में उनका परिवार आधुनिक हरियाणा के रेवाड़ी जिले के कुतुबपुर नामक स्थान पर आकर रहने लगा। उसके पिता का नाम पूर्णदास था। वह जाति से धूसर था, जो बनियों अर्थात् व्यापारी वर्ग की एक उपजाति थी।

हेमू के पिता की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं थी इसलिए उसे बचपन में अनेक बार कष्ट झेलने पड़े तथा वह अच्छी शिक्षा भी प्राप्त नहीं कर सका। उसे छोटी अवस्था में ही काम करके अपने पेट पालना पड़ा। बचपन से ही हेमू एक चतुर व परिश्रमी व्यक्ति था। उसका परिवार नमक का व्यापारी था।

नोट – हेमू की हवेली कुतुबपुर (रेवाड़ी) में स्थित है।

मध्यकालीन उत्तर भारत का नेपोलियन – हेमू

हेमू संस्कृत तथा फारसी भाषा का ज्ञाता था। उसे घुड़सवारी तथा तीरंदाजी का शौक था। छोटी उम्र में ही हेमू ने इस्लामी शासकों के यहां नौकरी कर ली। पहले वह सरकारी फेरीवाला बना, थोड़े समय बाद सरकारी ठेकेदार और फिर शाहना-ए-बाजार बन गया। शाहना-ए-बाजार अफगान राज्य में बहुत ही महत्वपूर्ण पद होता था। उसका कार्य सारे राज्यों के बाजारों की व्यवस्था देखना होता था। इसके बाद हेमू ने गुप्तचर विभाग का तथा दारोगा-ए-डाकचौकी जैसे महत्वपूर्ण पदों को भी संभाला।

अबुल फजल के अनुसार चालाकी में निपुण होने के कारण तथा अपनी व्यापारिक चतुराई से हेमू ने अपने आप को इस्लाम शाह की नजरों में एक बहुत ही योग्य व्यक्ति बना दिया। इस्लाम शाह ने हेमू को निजी सलाहकार नियुक्त किया। वह राज्य के महत्वपूर्ण मामलों में हेमू से विचार-विमर्श किया करता था।

30 अक्टूबर 1553 को इस्लाम शाह की मृत्यु के पश्चात मुबारिज खां आदिल शाह शासक बना। हेमू ने आदिल शाह पर भी अपने व्यक्तित्व की गहरी छाप छोड़ी। आदिल शाह ने हेमू को अपना प्रधानमंत्री नियुक्त किया। प्रधानमंत्री पद पर नियुक्त होने वाला हेमू पहला हिंदू था। प्रधानमंत्री बनते ही हेमू ने सारा प्रशासनिक काम अपने हाथों में ले लिया। उसने अयोग्य व्यक्तियों को अपने पद से हटाकर उनके स्थान पर योग्य व्यक्तियों को नियुक्त किया तथा न्याय वितरण की जिम्मेदारी भी खूब संभाली। अबुल फजल के अनुसार नाम के लिए तो बादशाह आदिल शाह था किंतु वास्तव में राज्य चलाने वाला हेमू था। हेमू ने प्रधानमंत्री पद के अतिरिक्त सेना के नेतृत्व को भी अपने हाथों में ले लिया। कई विद्वानों का विचार है कि उच्च पद पर एक हिंदू को लगाने के कारण अफगान सरदार आदिल शाह से असंतुष्ट हो गए थे। लेकिन समकालीन इतिहासकार इसके विपरीत हैं। हेमू अफगानों के हितों तथा प्रसन्नता का सदैव ध्यान रखता था। बदायूंनी का भी विचार है कि हेमू कई बार सैनिकों को अपने यहां खाने के लिए बुलाता था और बड़ी तसल्ली करता था। परिणामस्वरूप सब अफगान लोग उससे प्रसन्न थे।

आदिल शाह की अयोग्यता का फायदा उठाते हुए बहुत से अफगान सरदारों ने अपनी-अपनी जगहों पर स्वतंत्र शासक होने की घोषणा कर दी। ताजबा किरानी ने दक्षिण बिहार पर अधिकार कर लिया, मोहम्मद खां सूर ने बंगाल पर कब्जा कर लिया और वह भारत का सम्राट बनने का स्वप्न देखने लगा। बाज बहादुर ने मालवा पर अधिकार कर लिया। इब्राहिम खां सूर और अहमद खां सूर अलग से अफगान राज्य के स्वामी होने का दावा करने लगे।

पेश करने लगे। 'मजखान' के लेखक नियामत उल्लाह के अनुसार "प्रत्येक प्रांत और गांव विद्रोह की लपटों में थे।" ऐसे बुरे दिनों में हेमू ने 22 युद्ध करके अपने स्वामी आदिल शाह के सब शत्रुओं को सफाया कर दिया।

26 जनवरी 1556 को जब हुमायूं की मृत्यु हो गई तो दिल्ली के खाली सिंहासन पर कब्जा करने के लिए आदिल शाह ने हेमू को भेजा। हेमू 7,000 घुड़सवारों, 20 हाथियों तथा कुछ अफगान सरदारों के साथ मुगलों से लोहा लेने के लिए चल पड़ा। हेमू जब इटावा पहुंचा तो वहां के शासक की यात्रा ने थोड़ी सी लड़ाई के बाद हथियार डाल दिए। इटावा से हेमू कालपी पहुंचा। हेमू के नाम से यहां पर सरदार अब्दुल्ला खां उज्बेग दिल्ली की तरफ भाग गया। इसके पश्चात हेमू आगरा की तरफ बढ़ा।

यहां के गवर्नर सिकंदर खां उज्बेग ने हेमू से लड़ने की हिम्मत नहीं की और वह आगरा को खाली करके दिल्ली भाग गया। इस प्रकार बड़ी आसानी से हेमू का आगरा पर कब्जा हो गया।

आगरा से हेमू दिल्ली की तरफ बढ़ा और उसने दिल्ली से 12 किलोमीटर दूर तुगलकाबाद में डेरा डाल दिया। यहां पर संभल के शादि खां भी हेमू की सहायता के लिए उससे आ मिला। अब मुगलों के सामने लड़ने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा था। और 7 अक्टूबर 1556 को दोनों सेनाओं का आमना-सामना लड़ाई के मैदान में हुआ। हेमू ने अपनी सेना को तीन भागों में बांटा हुआ था।

केंद्रीय भाग की कमान हेमू स्वयं संभाले हुए था। बाएं भाग की कमान उल्लाहदाद खां के हाथों में थी। जब कि सेना के दाएं भाग का नेतृत्व राय हुसैन डालवानी कर रहा था। अलवर के हाजी खां ने भी इस लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया था, लेकिन समकालीन इतिहासकार उसकी स्थिति के बारे में मौन हैं।

मुगलों के सेना की कमान तारदी बेग के हाथ में थी। अफजल खां, असफक खां, मौलाना मीर मोहम्मद शेरवानी, हैदर मुहम्मद खां, इस्कंदर खां और अब्दुल उज्जेगा उसकी सहायता कर रहे थे।

आक्रमण की शुरुआत मुगल सेना द्वारा हुई। मुगलों के बाएं पक्ष के जनरल इस्कंदर खां ने हेमू के दाएं पक्ष पर आक्रमण करके हरा दिया। इस लड़ाई में हेमू का एक जनरल राय हुसैन जिवानी मारा गया। जब हेमू ने देखा कि मुगल सेना हौसले और होश के साथ बढ़ रही है तो वह हाल ही में अलवर से आई सेना और उसके जनरल हाजी खां को साथ लेकर आगे बढ़ा तथा सीधा तारदी बेग पर हमला बोल दिया।

तारदी बेग इस सीधे हमले को सह न सका और युद्ध मैदान से भाग खड़ा हुआ। जब मुगलों की बाकी सेना को तारदी बेग के भागने का समाचार मिला तो वे सभी मैदान छोड़कर भाग खड़े हुए। भागती हुई मुगल सेना अपने पीछे बहुत सा धन, हाथी व घोड़े छोड़ गई। हेमू ने 160 हाथी, 1000 अरबी घोड़े और अंततः धन राशि अपने कब्जे में ले ली।

इस स्थान पर हेमू का सोचने का ढंग बदल गया। उसने सोचा सारी अफगान सेना उसके इशारों नाचती है। आदिल शाह बड़ा ही निर्बल और अयोग्य व्यक्ति था और वह बहुत दूर भी था और बिना सेना के कुछ कर भी नहीं सकता था। प्रत्येक पहलू पर सोचने विचारने के बाद उसने स्वतंत्र होने का फैसला कर लिया। सबसे पहले उसने दिल्ली और आगरा से मिले बेशुमार धन तथा कीमती सामान को अफगान सेना में बांटकर उसे अपनी तरफ कर लिया। इसके बाद हेमू ने 7 अक्टूबर 1556 को शाही छत्र के नीचे बैठकर दिल्ली में प्रवेश किया।

हेमचंद्र विक्रमादित्य (हेमू)

हेमू ने दिल्ली के आस-पास के क्षेत्र में गाय का वध निषेध किया। उसने विक्रमादित्य की उपाधि धारण की तथा अपने नाम के सिक्के भी चलवाए। दिल्ली के पुराने किले में अफगान व राजपूत कमांडरों की उपस्थिति में हेमू का राज्याभिषेक हुआ। दिल्ली की गद्दी पर बैठने वाला हेमू अंतिम हिंदू सम्राट था। हेमू ने राजा बनते ही विजित प्रदेशों के प्रशासन को ठीक रूप से चलाने के लिए ठोस कदम उठाए। उसने दूर प्रदेशों पर अपने गवर्नर नियुक्त किए तथा दिल्ली और इसके आसपास के क्षेत्र विशेषकर हरियाणा पर इसका नियंत्रण लागू किया।

जिस समय दौलताबाद की हार खबर अकबर के पास पहुंची उस समय अकबर जालंधर में सुल्तान सिकंदर के साथ उलझा हुआ था। खबर पाते ही अकबर अपने फूफा ख्वाजा खिज्र खां को सुल्तान सिकंदर का मुकाबला करने के लिए छोड़ कर स्वयं दिल्ली की तरफ चल दिया। मुगलों के हारे हुए सरदार उसका सरहिंद के स्थान पर इंतजार कर रहे थे। सरहिंद के स्थान पर तारदी बेग की कायरता के कारण उसका वध कर दिया गया।

पानीपत की दूसरी लड़ाई

(5 नवंबर 1556 ई.)

दिल्ली पर कब्जा करने के पश्चात हेमू ने लगभग एक लाख सेना के साथ पानीपत की तरफ कूच किया तथा पानीपत के पश्चिम में लगभग चार मील की दूरी पर डेरा डाल दिया। उधर मुगल सेना ने सरहिंद से चलकर पहला पड़ाव थानेसर में डाला। यहां पर अकबर ने बड़ी समझदारी से काम लिया। पहले उसने 10,000 घुड़सवारों की सेना अली कुली खां के नेतृत्व में हेमू की ताकत का जायजा लेने के लिए भेजी। हेमू ने भी अपना तोपखाना मुबारक खां और बहादुर खां के नेतृत्व में मुगलों की बढ़ती को रोकने के लिए थोड़ा आगे भेज दिया था।

अलीकुली खां ने जब उन्हें देखा तो उस पर हमला बोल दिया। हेमू का तोपखाना ज्यादा ताकतवर नहीं था। इसलिए मुगलों का उस पर कब्जा हो गया। हेमू की यह बड़ी भारी गलती थी। तोपखाना को एक कमजोर सैनिक टुकड़ी के साथ नहीं भेजना चाहिए था। तोपखाना चले जाने से हेमू की सेना का एक पक्ष कमजोर हो गया।

हेमू के तोपखाने पर कब्जा होने के समाचार के पश्चात अकबर की सेना ने थानेसर से कूच किया तथा पानीपत के मैदान में पड़ाव डाल दिया। सबसे पहले अकबर ने यहां पर एक दरबार लगाया। जिसमें उसने अपने अमीरों को सम्मानित किया तथा उपाधियों से विभूषित किया। यहां पर बैरमखां ने उन्हें अपने बादशाह का साथ निभाने की शपथ दिलाई तथा कहा कि यदि वे लड़ाई हार गए तो भी अपने घर नहीं पहुंच सकेंगे क्योंकि वह यहां से 500 कोस दूर है।

पानीपत के मैदान में हेमू ने अपनी एक लाख सेना को तीन भागों में बांटा हुआ था। मध्य भाग की कमान वह स्वयं संभाले हुए थे जिसमें 30,000 अफगान व राजपूत घुड़सवार सैनिक व 500 हाथी थे। हेमू स्वयं अपने प्रसिद्ध हाथी हवाई के हौदे पर बैठा था ताकि वह अपनी सेना का निरीक्षण आसानी से कर सके। उसके दाएं पक्ष की कमान सादिखां के हाथ में थी जबकि बाएं पक्ष का नेतृत्व भांजा रमया (रामचंद्र) कर रहा था।

मुगल सेना का नेतृत्व बैरमखां के हाथ में था। उसकी सेना में प्रशिक्षित व अनुशासित चुगताई व उज्बेग सैनिक थे जो कि अपनी बहादुरी के लिए प्रसिद्ध थे।

लड़ाई की शुरुआत हेमू की सेना की तरफ से हुई। हेमू की सेना ने मुगलों के बाएं भाग पर आक्रमण कर दिया तथा उनके छक्के छुड़ा दिए। जब यह समाचार बैरमखां के पास पहुंचा तो उसने अपनी बाकी सेना को लड़ने के लिए कहा। मुगलों की सेना का मध्य भाग आगे बढ़ा तथा उन्होंने एक नाले में मोर्चा संभाल लिया, जिसे हेमू के हाथी पार नहीं कर सकते थे।

इस समय मुगल जनरल अली कुली खां ने हेमू की सेना पर पीछे से धावा बोल दिया। इसी दौरान हेमू के दो जनरल सादी खां (शाही खां कक्कड़) और भगवान दास मारे गए लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और बहादुरी से लड़ता रहा। लेकिन भाग्य शायद मुगलों के साथ था।

अचानक एक तीर हेमू की आंख में लगा जो पुतली को छेदता हुआ पीछे निकल गया। हेमू मूर्छित हो गया तथा हाथी के हौदे से गिर गया। जब सैनिकों ने हौदा खाली देखा तो वे भाग खड़े हुए। थोड़ी देर बाद जब हेमू को होश आया तो हेमू ने तीर को कसकर पकड़ा और बाहर खींचा। तीर के साथ आंख भी बाहर निकल पड़ी।

हेमू ने अपने घाव पर रूमाल बांधा और पीड़ा तथा कष्ट की दशा होते हुए भी अदम्य साहस के साथ बचे खुचे सैनिकों को साथ लेकर शत्रु से फिर युद्ध करने लगा। लेकिन विशाल मुगल सेना के बीच घायल हेमू का थोड़े से सैनिकों के साथ बचकर निकलना असंभव था। हेमू एक बार फिर बेहोश हो गया। हेमू के महावत ने हाथी को जंगलों की तरफ ले जाकर उसे बचाने का प्रयास किया। लेकिन शाह कुली खां ने उसे पकड़ लिया। इस प्रकार बेहोश हेमू को पानीपत के सैदपुर गांव में अकबर के पास ले जाया गया जहां बैरम खां ने हेमू का सिर काटकर उसका वध कर दिया गया और इस प्रकार मुगलों की सत्ता पुनः स्थापित हो गई।

नोट - हेमू की समाधि पानीपत के सैदपुर गांव में बनी हुई है। कुछ इतिहासकारों के अनुसार हेमू के कटे सिर को बैरम खां ने तुरंत काबुल भिजवा दिया जहां उसे लोहे वाले द्वार पर टांग दिया गया तथा उसका धड़ दिल्ली भिजवा दिया।

हेमू ने दिल्ली पर मात्र 29 दिन शासन किया। हेमू को गिरफ्तार करने वाले शाहकुली खां को अकबर ने इनाम स्वरूप नारनौल का क्षेत्र दिया। हेमू की मौत के बाद हेमू के परिवार के अन्य लोगों पर बड़ी मुसीबत आई।

हेमू के पिता 80 वर्षीय पूर्णदास को इस्लाम स्वीकार करने के लिए मजबूर किया गया। जब उसने इनकार किया तो उसे कत्ल कर दिया गया। हेमू की विधवा पत्नी को पकड़ने के लिए मुगल सेना ने बड़े प्रयत्न किए किंतु वह बैजनवाड़ा के जंगलों में जा छुपी और मुगलों के हाथ नहीं आई।

हेमू के वंशज और जाति के लोगों को रेवाड़ी के आसपास से पकड़कर दिल्ली और आगरा की जेलों में ठूंस दिया गया। किंतु जब कुछ समय पश्चात अकबर ने हिंदुओं के प्रति उदार नीति अपनाई तो इन लोगों को छोड़ दिया गया।

हरियाणा में मुगल प्रशासन प्रांतीय प्रशासन

मुगल शासकों ने अपने साम्राज्य का शासन सुचारू रूप से चलाने के लिए साम्राज्य को कई भागों और उपभागों में विभाजित कर रखा था। राज्य की सबसे बड़ी इकाई सूबा थी। जिसे सूबा कहा जाता था। बाबर ने जब हरियाणा प्रदेश को जीता तब इसके प्रशासन को सुचारू रूप से चलाने के लिए बाबर ने इसे चार सरकारों में बांटा था- दिल्ली सरकार, मेवात सरकार, हिसार सरकार व सरहिंद सरकार। इसके अतिरिक्त उसने नारनौल तथा समाना की जागीरें अपने दो विश्वासनीय सरदारों क्रमशः अहसान तैमूर तथा बाबर सुल्तान को दी थी।

अकबर ने दिल्ली की गद्दी पर बैठते ही अपने साम्राज्य को 15 सूबों में बांट दिया। हरियाणा का वर्तमान भू-भाग 2 सूबों के अंतर्गत आता था। अकबर के समय में हरियाणा प्रदेश का बहुत बड़ा भाग दिल्ली सूबे के अंतर्गत था तथा कुछ भाग आगरा सूबे में था। ये सूबे सरकारों में बंटे हुए थे तथा सरकारें परगनों में बंटी हुई थीं।

प्रशासन की दृष्टि से मुगल साम्राज्य का बंटवारा सूबों में, सूबों के सरकार में, सरकार का परगना या महाल में, महाल का जिला या दस्तूर और दस्तूर, ग्राम में बंटे हुए थे। अकबर ने जब्ती व दशहला नई प्रणाली शुरू करी। प्रशासन की सबसे छोटी इकाई ग्राम थी, जिसे मावदा या देह कहते थे। ग्राम का मुखिया मुकद्दम कहलाता था। मावदा के अंतर्गत छोटी-छोटी बस्तियों को नागला कहा जाता था।

शाहजहां के शासनकाल में सरकार एवं परगना के मध्य चकला नाम की एक नई इकाई की स्थापना की गयी थी।

अकबर के समय हरियाणा के नारनौल में टकसाल होती थी जहां जलाली सिक्का ढाला जाता था।

मुगल काल में रुपये की सर्वाधिक ढलाई औरंगजेब के समय में हुई। आना सिक्के का प्रचलन शाहजहां ने करवाया।

1605 में अकबर की मृत्यु के बाद जहांगीर दिल्ली की गद्दी पर बैठा। जहांगीर ने अकबर द्वारा बनाई गई प्रशासनिक व्यवस्था में कोई फेर बदल नहीं किया। जहांगीर ने हरियाणा क्षेत्र में बड़ी संख्या में वृक्ष लगाने के आदेश दिए। 1614 में इस क्षेत्र में प्लेग फैला। इस दौरान जहांगीर ने हरियाणा वासियों की बहुत सहायता की।

आपसी मतभेद के कारण जहांगीर और उसके पुत्र खुसरो के मध्य संघर्ष हरियाणा के भैरावल में हुआ। जहांगीर के बाद शाहजहां गद्दी पर बैठा। उसने नारनौल क्षेत्र को आगरा सूबे से निकालकर दिल्ली सूबे में शामिल कर दिया। साथ ही शाहजहां ने प्रशासनिक की एक नई इकाई चकला की शुरुआत की।

नोट- शाहजहां ने हिसार चकले का प्रमुख चौधरी कृपा राम गौड़ को बनाया।

शाहजहां ने पश्चिमी यमुना नहर से सफीदों के पास एक नई नहर निकलवाई जो दिल्ली के शाहजहांबाद तक जाती थी, जिसका नाम नहर-ए-बारिस्त रखा गया था।

शाहजहां का ज्येष्ठ पुत्र दारा शिकोह हरियाणा को बहुत ज्यादा पसंद करता था। शाहजहां के समय दारा शिकोह हिसार क्षेत्र की निगरानी करता था। हिसार-ए-फिरोजा की फौजदारी दारा शिकोह के पास थी। वह प्रायः हरियाणा के छोटे से नगर पलवल में रहा करता था।

दारा शिकोह हिंदू धर्म ग्रंथों में विशेष रुचि रखता था। इसलिए औरंगजेब ने दारा शिकोह की हत्या करवा दी। दारा शिकोह ने उपनिषदों का फारसी में अनुवाद किया था।

6 मार्च, 1635 को पलवल के पास सुलतानपुर गांव में दारा शिकोह को पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई, जिसका नाम सिपहर शिकोह था। यहां दारा की सेवा में मेवात का प्रसिद्ध सरदार फिरोज खां मेवाती भी रहता था।

दारा शिकोह ने कुरुक्षेत्र के थानेसर में अपने धर्मगुरु शेख चिल्ल्ली की याद में शेख चिल्ल्ली का मकबरा बनवाया। शेख चिल्ल्ली मकबरा हरियाणा का ताज कहलाता है।

8 जून, 1658 ई. को औरंगजेब ने शाहजहां को बंदी बना लिया। आगरा के किले में अपने कैदी जीवन के आठवें वर्ष अर्थात् 22 जनवरी, 1666 ई. को 74 वर्ष की अवस्था में शाहजहां की मृत्यु हो गयी।

मुगल काल के प्रमुख अधिकारी एवं कार्य

पद कार्य
सूबेदार प्रांतों में शांति स्थापित करना (प्रांत कार्यकारिणी का प्रधान)
दीवान प्रांतीय राजस्व का प्रधान (सीधे शाही दीवान के प्रति जवाबदेह)
बख्शी प्रांतीय सैन्य प्रधान
फौजदार जिले का प्रधान फौजी अधिकारी
आमिल या अमलगुजार जिले का प्रमुख राजस्व अधिकारी
कोतवाल नगर प्रधान
शिकदार परगने का प्रमुख अधिकारी
आमिल ग्राम के कृषकों से प्रत्यक्ष संबंध बनाना एवं लगान निर्धारित करना।

मुगल कालीन हरियाणा की आर्थिक स्थिति

मुगल कालीन हरियाणा का क्षेत्र आज की भांति अधिकांशतः एक समतल मैदान था। केवल इसके उत्तर में शिवालिक व दक्षिण में अरावली की पहाड़ियां तथा पश्चिम और दक्षिण-पश्चिम में रेत के कुछ टीले हैं। बारह मास बहने वाली नदी केवल यमुना नदी थी। जो कि इस प्रदेश की पूर्वी सीमा निर्धारित करते हुए बहती थी। लेकिन बरसाती नदियां भी थीं- घग्गर, सरस्वती, चौटांग, मारकंडा उत्तरी क्षेत्र में बहती थी तथा साहिबी, कसावटी तथा दोहन आदि दक्षिण क्षेत्र में बहती थीं। यहां की भूमि उपजाऊ भूमि थी लेकिन वर्षा की कमी थी और सिंचाई के लिए बारह मासी बहने वाली नदियों की भी कमी थी जिसके कारण कृषि बहुत ज्यादा उन्नत दशा में नहीं थी। पशुधन के रूप में अवश्य ही यह क्षेत्र प्रसिद्ध था।

कृषि

हरियाणा की आर्थिक स्थिति में कृषि का महत्वपूर्ण स्थान रहा है। सदियों से हरियाणा के लोगों का मुख्य व्यवसाय कृषि रहा है और मुगल काल में भी ऐसा ही था। मुगल काल में 90 प्रतिशत जनसंख्या कृषि करके अपना जीवन निर्वाह करती थी। किसान एक साल में दो फसलें लेता था- खरीफ और रबी की।

खरीफ की मुख्य फसलें - चावल, बाजरा, ज्वार, मक्कई, तिल, कपास, नील आदि थीं तथा रबी की मुख्य फसलें - गेहूं, चना, जौ, मसूर, सरसों, तंबाकू आदि थीं। इस प्रकार यहां की कृषि की मुख्य विशेषता यह थी कि बड़ी संख्या में खाद्य तथा बिना खाद्य फसलों का उत्पादन होता था।

आइने अकबरी में भी रबी मौसम के लिए 16 फसलों का तथा खरीफ के लिए 25 फसलों का उल्लेख मिलता है। पद्मावत में जहां वर्षा अधिक होती थी वहां गेहूं, गन्ना, कपास, आदि बहुतायत से होता था। लेकिन खुश्क क्षेत्र में ज्वार, बाजरा, मूंग, मोठ, चना, जौ आदि अधिक होते थे। कौन से क्षेत्र में कौन सी फसल होती थी समकालीन ग्रंथों में इनका विवरण मिलता है।

इब्नबतूता ने अपने यात्रा विवरण रहला में सिरसा के चावलों की प्रशंसा करते हुए लिखा है- "यहां का लाल रंग का चावल बड़ा ही अच्छा है। इसकी उपज भी खूब है। यहां से यह दिल्ली भेजा जाता है।" तैमूर ने अपनी आत्मकथा में सिरसा में गन्ने की फसल के खूब होने का जिक्र किया है। शर्फुद्दीन के "जफरनामा" में पानीपत में उत्तम किस्म के गेहूं होने का उल्लेख है। बाल किशन ब्राह्मण के अनुसार सिरसा में कपास खूब होता था।

अबुल फजल की आइने अकबरी में मध्य में अच्छी फसलें होने का उल्लेख है। लेकिन गन्ने की फसल का उल्लेख उसने विशेष रूप से किया है। तुजुक-ए-बाबरी के अनुसार नारनौल में मापास की सबसे बड़ी मंडी थी।

इलियट (जहांगीर के समय में आया) ने यहां पर उत्तम कृषि का उल्लेख किया है। मोहम्मद हयात ने अपने "इकबाल नाम-ए-जहांगीर" में यहां के उत्तरी क्षेत्र में उत्तम किस्म के आमों का उल्लेख किया है। गुरुग्राम और फरीदाबाद जिलों में नील की अच्छी पैदावार होने का उल्लेख करते हुए यहां से 1,000 गाड़ी नील प्रतिवर्ष होने का वर्णन करता है। बर्नियर भी यहां नील खूब होने का उल्लेख करता है। जार्ज थॉमस ने अपने संस्मरणों में हिसार, हांसी, भिवानी क्षेत्र में गेहूं, जौ, चना, बाजरा, ज्वार, मूंग आदि फसल होने का उल्लेख करता है।

सिंचाई के साधन

इस काल में सिंचाई के लिए कृषक आमतौर पर वर्षा पर निर्भर करते थे। वर्षा के अतिरिक्त सिंचाई के लिए कृत्रिम तरीकों का प्रयोग किया जाता था। इनमें कुएं तथा तालाबों का मुख्य रूप से इस्तेमाल किया जाता था। कुएं से पानी निकालने के लिए कई तरीकों का सहारा लिया जाता था। जहां पानी की सतह ऊंची थी, वहां ढेकली का इस्तेमाल किया जाता था। चड़स का प्रयोग भी होता था। सबसे उपयुक्त सिंचाई का तरीका प्रशियन व्हील या रहट को समझा जाता था। यह लकड़ी और मिट्टी के बर्तनों द्वारा बना होता था और बैलगाड़ियों के माध्यम से चलाया जाता था।

अधिक कीमत होने के कारण संभवतः आम किसान इसका प्रयोग नहीं कर सकता था। मुगल सम्राट कुएं खुदवाने के कृषकों की सहायता करते थे। जार्ज थॉमस ने भी यहां पर कुओं से की जाने वाली सिंचाई का उल्लेख करते हुए बताया है कि यहां कुएं काफी गहरे होते थे। इसलिए एक गांव में एक या दो ही कुएं होते थे। जिससे कृषक मिलकर पानी निकालते थे। लेकिन बाबर ने अपनी आत्मकथा में लिखा है कि कुछ क्षेत्र में जहां पानी का स्तर ऊंचा होता था जैसे- करनाल व पानीपत का क्षेत्र, वहां कुओं में रहट का प्रयोग होता था। कुओं के अतिरिक्त कुछ स्थानों पर तालाबों से भी सिंचाई की जाती थी। लेकिन तालाब थोड़े समय के लिए ही काम में लाए जाते थे।

नहरें

फिरोजशाह तुगलक ने अपने शासनकाल में कृषकों की स्थिति सुधारने के लिए नहरों का निर्माण करवाया था। इन नहरों में सबसे बड़ी नहर पश्चिमी यमुना नहर थी। यह यमुना नदी से ताजेवाला से निकाली गई थी और हिसार तक पहुंचती थी। रास्ते में हजारों एकड़ भूमि को जल प्रदान करती थी।

दूसरी नहर सतलुज नदी से निकालकर झज्जर तक पहुंचाई गई थी। इसे पूरा करवाने में सुल्तान को कोई 50,000 मजदूर 2-3 वर्षों तक लगाने पड़े। तीसरी नहर फिरोजाबाद नहर थी जो सिरमौर की पहाड़ियों के पास से निकालकर हांसी तक बाद में हिसार तक पहुंचाई गई थी। चौथी नहर घग्गर से खुदवाकर इसके कुछ हिस्से को किले के नीचे से लेकर हरणी खेड़ा फिरोजाबाद तक ले जाई गई। यमुना से भी एक नहर इस किले तक लाई गई थी, यह पांचवीं नहर थी।

लेकिन फिरोजशाह तुगलक के बाद अकबर तक इन नहरों की तरफ किसी भी शासक ने ध्यान नहीं दिया। जिसके कारण इन नहरों की हालत खराब हो गई। अकबर ने इन नहरों की मरम्मत अवश्य करवाई लेकिन ऐसा लगता है मरम्मत अच्छी प्रकार से नहीं हो पाई क्योंकि वारिस के बादशाहनामा और इनायत के शाहजहांनामा से ज्ञात होता है कि शाहजहां के शासनकाल तक आते-आते ये नहरें बिल्कुल खराब हो गई थीं।

शाहजहां ने इन नहरों को फिर से ठीक करवाया। उसने पश्चिमी यमुना नहर से सफीदों के पास से एक अन्य नहर भी निकलवाई जो शाहजहांबाद (दिल्ली) तक जाती थी। इस नहर का नाम नहर-ए-बारिस्त रखा गया था। शाहजहां द्वारा इन नहरों की तरफ ध्यान दिए जाने के कारण ही उसके समय में कृषि की काफी उन्नति हुई लेकिन अठारहवीं सदी की अराजकता के समय ये सब नहरें लगभग बर्बाद हो गईं।

यद्यपि देश के अन्य भागों में ज्यादा तर किसान लकड़ी के हल का प्रयोग करते थे लेकिन हरियाणा के कृषक लोहे की फाल वाले हल इस्तेमाल करते थे। यद्यपि इस बारे में हमारे पास स्रोतों का अभाव है, लेकिन हमारे पास इस बात के पुख्ता प्रमाण हैं कि पूर्व मध्य काल में भी हरियाणा के कृषक लोहे के फाल वाले हल का प्रयोग किया जाता था। हालांकि किस प्रकार के हल का इस्तेमाल करते थे। इस बारे में भी अधिक जानकारी नहीं है। लेकिन हरियाणा में पशु धन प्रचुर मात्रा में होने के कारण किसान संभवतः गोबर से बनी खाद का इस्तेमाल करते थे। हरियाणा के किसानों ने भूमि की उर्वरा शक्ति को बनाए रखने के लिए फसलों के हेर-फेर का भी ज्ञान था।

भू-लगान प्रणाली

मुगल काल में बाबर के समय हरियाणा क्षेत्र के कृषकों से संभवतः लगान 50 प्रतिशत की दर से उगाहा जाता था इसलिए किसान खुश नहीं थे। और इसलिए उत्तरी हरियाणा क्षेत्र में उन किसानों को सख्त विरोध का सामना करना पड़ा था। लेकिन शेरशाह सूरी ने अपने थोड़े से समय में कृषकों की दशा सुधारने का प्रयास किया था। उसने 1/3 भाग लगान तय किया था। शेरशाह के बाद अकबर ने किसानों की दशा सुधारने की तरफ विशेष ध्यान दिया।

अकबर ने भूमि कर निर्धारण के लिए हरियाणा क्षेत्र में दहसाला प्रणाली या जब्ती प्रणाली की व्यवस्था की। यह प्रणाली उसके दीवान मुजफ्फर खां और टोडरमल की देन थी। इस प्रणाली को लागू करने के पीछे अकबर का उद्देश्य था-

  1. राज्य के भाग का किसी ठोस आधार पर निर्धारण करना।
  2. राज्य के भाग को नकद व जिन्स में देने संबंधी ऐसी व्यवस्था करना कि राज्य व कृषक किसी को भी हानि न पहुंचे।
  3. जिन्सों के भाव संबंधी ऐसी व्यवस्था करना कि राज्य को अपनी वार्षिक आय का निश्चित अनुमान हो जाए।

इस जब्ती प्रणाली के तहत अकबर के शासन काल में प्रत्येक कृषक, ग्राम, परगने की कृषि योग्य भूमि की पैमाइश की गई। पैमाइश के लिए अकबर ने 41 अंगुल के गज का प्रयोग किया जबकि शेरशाह के समय में 32 अंगुल का गज था। रस्सी की जगह के स्थान पर सन मुनने की जरीब जिसे इलाही गज कहा जाता था, लागू की गई। यह जरीब बांस की थी और उसके दोनों सिरों पर लोहे की पत्तियां लगी हुई थीं। इस प्रकार जरीब को सिकुड़ने या टूटने का खतरा नहीं था। बीघा 3600 वर्ग गज का होता था।

भूमि की पैमाइश के बाद भूमि का वर्गीकरण किया गया। जो कि चार भागों में बांटी गई।

  1. पोलज - जिस भूमि में बारह महीने खेती होती थी उसे पोलज नाम दिया गया। यह प्रथम वर्ग की भूमि थी।
  2. परौती - ऐसी भूमि जो साल में कुछ महीने उर्वरा शक्ति प्राप्त करने के लिए खाली छोड़ दी जाती थी उसे परौती कहा जाता था। इसे दूसरे वर्ग में रखा गया।
  3. छच्छर - यह भूमि लगातार तीन या चार साल तक बिना काश्त किए छोड़ दी जाती थी इसे छच्छर कहा जाता था।
  4. बंजर - यह सबसे निम्न किस्म की भूमि होती थी। यह भूमि पांच या इससे भी अधिक वर्षों के लिए बिना काश्त के छोड़ दी जाती थी।

आइने अकबरी के उल्लेख से पता चलता है कि पहले दो वर्गों (पोलज व परौती) भूमि के उपजाऊपन के आधार पर फिर तीन भागों में विभक्त किया गया था - उत्तम, मध्यम और अधम। इन तीनों किस्मों की औसत उपज के आधार पर सरकार का भाग निश्चित किया जाता था।

अकबर के समय में भूमिकर भूमि की उपज शक्ति के आधार पर निश्चित किया जाता था। भूमिकर केवल बोई हुई भूमि पर ही लिया जाता था। पोलज व परौती किस्म की भूमि से उपज का 1/3 भाग भूमिकर के रूप में लिया जाता था। छच्छर भूमि से पहले साल 1/15 दूसरे साल 2/15 तीसरे साल 1/5 चौथे साल 4/15 और पांचवें वर्ष 1/3 भाग लिया जाता था। इसी प्रकार बंजर भूमि से 1/20 भाग से प्रारंभ होकर पांचवें वर्ष उपज के 1/3 भाग तक पहुंच जाता था। मुगल लगान नकदी रूप में लेना अधिक पसंद करते थे।

अकबर के बाद जहांगीर और शाहजहां के शासन में लगान की दर में मामूली सी फेरबदल हुई। लेकिन औरंगजेब की परिस्थितियों के कारण मजबूर होकर धन एकत्रित करने के लिए भूमिकर बढ़ाना पड़ा। उसे लंबी-लंबी लड़ाइयां लड़नी पड़ी। जिनके लिए उसे धन की आवश्यकता थी। भूमि कर बढ़ाने के साथ-साथ उसने किसानों पर जजिया आदि कई अन्य कर भी लगा दिए। परिणामस्वरूप औरंगजेब को जगह-जगह किसानों के विद्रोह का सामना करना पड़ा। जैसे - नारनौल के सतनामियों का विद्रोह और बलभगढ़ के जाटों का विद्रोह।

औरंगजेब के बाद बहादुरशाह ने अकबर की नीति को अपनाकर स्थिति को सुधारने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। बहादुरशाह के बाद उसके उत्तराधिकारी ने लगान को बढ़ाकर 2/5 भाग कर दिया। लेकिन इन दिनों कोई और नहीं देता था।

भूमिकर साल में दो बार फसल काटने के बाद एकत्र किया जाता था। मुगलों ने भूमि कर तय करने के लिए जब्ती प्रणाली को अपनाया था। परगने में भूमि कर एकत्रित करने का काम आमिल करता था। जिसकी सहायता के लिए कानूनगो, पटवारी तथा कुछ अन्य कर्मचारी होते थे। बिना काश्त की भूमि को कोई कर नहीं लिया जाता था।

बहादुरशाह के बाद भूमि कर एकत्रित करने के लिए इजारेदारी प्रणाली अपनाई गई। इसके अंतर्गत भूमि कर उगाहने का ठेका दिया जाता था। यह एक शोषणकारी प्रणाली थी।

कमजोर शासकों के समय पर यह प्रणाली ठीक प्रकार से नहीं चल पाई तथा प्रजा व इन इजारेदारों में प्रतिदिन लड़ाई चलती रहती थी। जो इजारेदार शक्तिशाली थे वे तो शक्ति के बल पर पूरा लगान वसूल कर लेते थे। वसूली की दर भी कहीं-कहीं तो 2/5 से अधिक थी जिसे अदा करना कृषकों के बलबूते से बाहर की बात थी। अतः कहीं-कहीं किसान बगावत करते थे अथवा इनका शोषण होता रहा।

महत्वपूर्ण स्मरणीय तथ्य

  • प्रसिद्ध हिन्दू संत व कवि ब्रह्मानंद ने हरियाणा में कर एकत्र करने का साधन साल-ए-दीवान को सुझाया था।
  • अकबर के नवरत्नों में से एक बीरबल का जन्म स्थान बूड़िया (यमुनानगर) माना जाता है।
  • बीरबल का रंगमहल - बूड़िया (यमुनानगर)।
  • बीरबल का किला - नारनौल (महेंद्रगढ़)।
  • मुगलकाल में वर्षा आधारित खेती बारानी कहलाती थी।
  • 1530 में मेवाड़ (मंदर) राजपूतों के नेता मोहन सिंह की सेना ने अलीकुली हमदान को पराजित किया था।

हरियाणा सामान्य ज्ञान (Haryana GK)

हरियाणा के सामान्य परिचय, इतिहास, राजनीति, भूगोल, अर्थव्यवस्था एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों का अध्ययन करें।

हरियाणा राज्य के उपनाम हरियाणा सामान्य परिचय, जनसंख्या राजकीय प्रतीक, प्राचीन नाम उपनाम, व्यक्तित्व, नगरों के संस्थापक जिला-नामकरण और NCR संबंधी भारत के संदर्भ में हरियाणा का स्थान हरियाणा : जनगणना एवं नगरीकरण (2011) हरियाणा का नामकरण प्राचीन इतिहास के स्रोत पुरातात्विक सामग्री (अभिलेख, सिक्के, मुद्राएँ, मूर्तियाँ) पाषाणकाल व सीमान्तकालीन संस्कृति सिंधु घाटी सभ्यता वैदिक सभ्यता हरियाणा में बौद्ध धर्म एवं जैन धर्म गणराज्यों का उदय (यौधेय, कुणिंद, अग्र, अर्जुनायन) पुष्यभूति (वर्धन) वंश गुर्जर प्रतिहार व तोमर वंश मध्यकालीन हरियाणा हरियाणा में सल्तनत काल मुगलों के अधीन हरियाणा सूफी मत व भक्ति आंदोलन हरियाणा में उत्तर मुगल काल जॉर्ज थॉमस का हरियाणा शासन (1797 से 1802) हरियाणा में आर्य समाज हरियाणा में ईस्ट इंडिया कम्पनी 1857 की क्रांति कांग्रेस व राष्ट्रीय आंदोलन हरियाणा का राजनीतिक परिचय संविधान सभा में हरियाणा का योगदान हरियाणा के राज्यपाल हरियाणा की विधानसभा हरियाणा में संसद का प्रतिनिधित्व (लोकसभा एवं राज्यसभा) हरियाणा के मुख्यमंत्री मंत्रिमंडल का गठन हरियाणा के उच्च न्यायालय प्रशासनिक संरचना ग्रामीण स्वशासन तथा शहरी स्वशासन हरियाणा पुलिस हरियाणा राज्य की भौगोलिक संरचना हरियाणा की जलवायु हरियाणा की नदियाँ हरियाणा की झीलें हरियाणा के बाँध सिंचाई एवं विभिन्न परियोजनाएँ हरियाणा के मृदा संसाधन हरियाणा राज्य की कृषि व्यवस्था हरियाणा राज्य में पशुपालन व्यवस्था हरियाणा राज्य की वन सम्पदा हरियाणा के उद्योग-धंधे हरियाणा के खनिज एवं ऊर्जा संसाधन हरियाणा में परिवहन एवं संचार व्यवस्था हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था हरियाणा की स्वास्थ्य व्यवस्था हरियाणा की अर्थ व्यवस्था हरियाणा की वास्तुकला मूर्तिकला और चित्रकला हरियाणा में शिल्प एवं कला हरियाणा के पुरातत्व स्थल हरियाणा के किले एवं दुर्ग हरियाणा के प्रमुख संग्रहालय हरियाणा के प्रमुख पर्व एवं त्योहार लोकगीत, लोकनृत्य व वाद्ययंत्र हरियाणा के प्रमुख मेले व उत्सव हरियाणा के प्रमुख मंदिर हरियाणा के गुरुद्वारे महत्वपूर्ण प्राचीन स्मारक (मस्जिद, दरगाह, मजार, मकबरे, चर्च, हवेली व कोठियाँ) हरियाणा के पर्यटन स्थल हरियाणा के प्रमुख धार्मिक स्थल लोक विश्वास लोक नाट्य–सांग (स्वांग) हरियाणवी सिनेमा वेशभूषा एवं रीति-रिवाज मुहावरे व लोकोक्तियाँ हरियाणा में जातिगत व्यवस्था हरियाणा की भाषा और साहित्य अकादमियाँ तथा पुरस्कार एवं सम्मान ऐतिहासिक व्यक्तित्व हरियाणा राज्य की खेलकूद गतिविधियाँ राज्य की कल्याणकारी योजनाएँ हरियाणा से सम्बन्धित विविध विषय
Join WhatsApp Join Telegram